केशकाल | विधायक टेकाम ने 8 किलोमीटर पैदल चलकर किया बायपास मार्ग का निरीक्षण ! जल्द निर्माण शुरू करवाने का दिया आश्वासन….

नीरज उपाध्याय/केशकाल:- एक ओर जहां केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी देश भर में सड़कों का जाल बिछाने का दावा करते हुए केंद्र सरकार की पीठ थपथपा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पिछले 8 वर्षों से बंद पड़ा केशकाल बायपास मार्ग का निर्माण कार्य केंद्र सरकार के तमाम दावों को मुंह चिढ़ा रहा है। लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले केशकाल बायपास मार्ग में एक बार फिर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जागी है। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने शनिवार सुबह स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ केशकाल बायपास मार्ग का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 8 किलोमीटर तक पैदल चलकर बायपास मार्ग की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया। साथ ही एनएच विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर विभागीय कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

इस दौरान विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि एनएच 30 में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए अब बायपास मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवाना अति आवश्यक है। इसके लिए आज हमने लगभग 8 किलोमीटर के दुर्गम रास्ते का पैदल भ्रमण किया। एनएच विभाग के अधिकारियों ने बायपास मार्ग के मोड़ों, जंगलों, उतार-चढ़ाव एवं पुल की आवश्यकता वाले स्थानों से अवगत करवाया है। हमारा प्रयास है कि जल्द ही इसका डीपीआर बनाकर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करवाएं और निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।



विधायक ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 10 साल से केशकाल में कांग्रेस के विधायक थे। और पिछले 5 साल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। लेकिन कांग्रेस ने कभी भी बायपास मार्ग को अपनी प्राथमिकताओं में नहीं रखा। इसी का परिणाम है कि बायपास मार्ग अब तक पूरा नहीं हो पाया है। अब माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हमारी सरकार पूरी गंभीरता से इस मुद्दे को उठा रही है।अब जल्द ही बायपास मार्ग का निर्माण कार्य पूरा करवाया जाएगा, जिससे आम जनता को सहूलियत होगी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, एनएच विभाग के अधिकारी, प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ साथ स्थानीय नगरवासी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *