LPG रिफिल बुकिंग को लेकर फैली अफवाहों पर सरकार की सफाई, नियमों में कोई बदलाव नहीं

नई दिल्ली: सरकार ने एलपीजी गैस सिलेंडर की रिफिल बुकिंग से जुड़े हालिया समाचारों और सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। सरकार ने साफ किया है कि रिफिल बुकिंग की समयसीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दरअसल, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) कनेक्शन के लिए 45 दिन, नॉन-PMUY सिंगल बोतल कनेक्शन के लिए 25 दिन और डबल बोतल कनेक्शन के लिए 35 दिन की नई समयसीमा तय की गई है।

सरकार ने इन दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। आधिकारिक बयान के अनुसार, एलपीजी रिफिल बुकिंग के मौजूदा नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे।

मौजूदा नियमों के तहत:

  • शहरी क्षेत्रों में रिफिल बुकिंग की समयसीमा 25 दिन है
  • ग्रामीण क्षेत्रों में यह समयसीमा 45 दिन है

यह नियम सभी प्रकार के कनेक्शन पर समान रूप से लागू होते हैं।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही इन्हें आगे फैलाएं। साथ ही, अनावश्यक या घबराहट में गैस सिलेंडर की बुकिंग करने से भी बचें।

सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है, इसलिए चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *